दो दुनियाओं के बीच (Between Two Worlds)
- category
- EXISTENTIAL
- date
- status
- HARDPART
जता देता मेरा इश्क़ भी इस दुनिया को, मेरी दुनिया तो तुम ही हो, इसलिए अपने इश्क़ के गीत सिर्फ़ तुम्हारे कानों में गुनगुना देता हूँ।
बता तो मैं उस बाप को भी देता, जिसके सजदे में आज भी मेरा सर झुकता है, पर अब उन बूढ़े कंधों में मुझे पहले-सी जान नहीं दिखती।
डरता नहीं हूँ मैं उन चार लोगों से, न उनकी चार बातों से। अब उनमें वो विद्रोह की चिंगारी कहाँ, वो तो समाज की बैसाखी थामे चलते हैं।
डर तो बस इतना है, कि कहीं मैं उनके शर्म का कारण न बन जाऊँ, कहीं अपनी ज़िद में उनकी वो आख़िरी बैसाखी ही न तोड़ दूँ।
और डरता हूँ… कहीं अपनी दो दुनियाओं को एक करने की कोशिश में मैं ही न पीस जाऊँ!